0

इतने करीब

इतने करीब आके भी इतने हो दूर क्यूँ
माना हसीं हो हुस्न पर इतना गुरूर क्यूँ


इतना सता के मुझको , क्या मिल जाएगा तुम्हें
सोचो कभी के मैं हूँ इतना गम से चूर क्यूँ

पीता नहीं हूँ फिर भी क्यूँ इतना नशे में हूँ
आंखों का तेरी मुझपे है छाया सुरूर क्यूँ

मेरी खता बताओ क्यूँ मुझसे हो तुम खफा
मैं ही कुसूरवार क्यूँ तुम बेक़सूर क्यूँ?



***************************



ख़ुद-बी-ख़ुद आते हैं वो दिल की पुकार पर
हाथ से थामे हुए दिल-ऐ-बेकरार को
ख़ुद-बखुद गाते हैं वो उल्फत के साज़ पर
आँख से झरते हुए , नगमा-ऐ-प्यार को
0

आह भर-भर के

आह भर-भर के तुझे याद किया करता हूँ
तुझसे मिलने की सदा फरियाद किया करता हूँ

तोड़ना दिल को किसी के नहीं अच्छा होता
जाम भर-भर के सदा अश्क पिया करता हूँ

मेरी दुनिया में चले आओ हकीकत बनकर
अपने ख़्वाबों में तुझे आवाज़ दिया करता हूँ

कैसे पायेगी मेरी रूह मेरे बाद सुकून
तुझको पाने की तमन्ना लिए गर मर जाऊं




****************************


तेरे ख़याल को दिल से भुला नहीं सकता
सदायें देके भी तुझको बुला नहीं सकता
वफ़ा की राह में मजबूर इस कदर हूँ मैं
यकीं वफ़ा का भी अपनी दिला नहीं सकता
0

मेरा रोम रोम ..

मेरा रोम रोम मिलन का प्यासा
कब होगी पूरी अभिलाषा, मेरा रोम रोम.....

स्वप्नों में आई तरुणाई
इच्छाओं ने ली अंगडाई
भाव बुलाते आओ भाषा
मेरा रोम रोम......................

किस शब्द कोष में कहाँ लिखी हो?
किस कूची में कहाँ छिपी हो?
वीणा के तारों में सोई,
ध्वनि तुम्हें कर-स्पर्श जगाता
मेरा रोम रोम .................


***************


जाने कौन ज़माना हो कल, जाने कहाँ ठिकाना हो
मिलने को ना तरस जाएँ हम, आज ही हम से मिल जाओ
गर्ज नहीं हमसे गर कोई, बेशक कोई बहाना हो
मतलब तो है मिल जाने से, आज ही हमसे मिल जाओ



0

वंदना हे !


वीणा वादिनी
वीणा का स्वर
राग-राग में भर दे
संगीतमय कर दे
माँ मेरा जीवन
दर्पण-सा
कलुषित मन
निर्मल कर दे!

वंदना हे!
वंदना का स्वर मुखर
नश्वर मगर
अमर कर दे
अजात शत्रु
अविजित
अन्तर प्रदीप्त कर दे
माँ वर दे।

वंदना हे!
काम, क्रोध , मद , लोभ भूल
विद्या अपनाएँ
ओ विद्यादात्री माँ
तुम्हारे दर्शन पायें
माँ यह लोक सत्य-शिव-सुंदर कर दे

वंदना गीत !

गीत कोई गा मुसाफिर रास्ता कट जाएगा
मुस्कुराता चल तू वर्ना , जल्द ही थक जाएगा
तू ना घबरा,तेरी मंजिल, दूर है तो क्या हुआ
धुंध का पर्दा है आगे, एक दिन हट जाएगा